जिसका विश्वास जितना कमजोर वह उतना कट्टर होगा, ईश्वर प्राप्ति में मान्यताएं बाधक हैं

बरुण सखाजी श्रीवास्तव

हमारी विश्वास से जुड़ी अवधारणाएं जितनी कमजोर होंगी उन्हें बचाए रखने के लिए हमे उतना ही कट्टर होना पड़ेगा। आस्था और विश्वास के मामले में भी यही होता है। ईश्वर को खोजने के हजारों रास्ते हैं, किंतु हर रास्ता एक पर्टिकुलर के लिए होता है। एक रास्ते पर चलकर तैलंग स्वामी ईश्वर हो जाते हैं तो एक दूसरे रास्ते पर चलकर दादाजी धूनीवाले भगवान बन जाते हैं। दरअसल ईश्वर को पाने का सबसे मुकम्मल रास्ता वही है जिससे आप ईश्वर तक पहुंच सकें। इसलिए सनातन चिंतन में विभिन्न रास्तों का जिक्र है। सनातन मानता है हर रास्ता भगवान बना देता है, बशर्ते राही मस्तमौला और समर्पित हो। इससे जुड़ी ढेर कहानियां, घटनाएं सनातन में चर्चित हैं। गीताप्रेस का भक्तमाल तो ऐसे हजारों आज के किस्सों से भरा पड़ा है। चाहे वह सदन कसाई का रास्ता हो या दगड़ू सेठ का या फिर डाकोर जी का हो।

एक प्रसंग सनातन में रविदास भगवान का आता है, जब कठोते में गंगा प्रकट हो गई थी। ऐसा ही द सेंटरबरी टेल्स में किस्सा पश्चिमी दुनिया में येरुसलम की यात्रा का आता है। जब दो तरह के पिलग्रिम्स (तीर्थ-यात्री) अपनी यात्रा करते हुए येरुसलम पहुंचते हैं तो ईश्वर पहले उसे मिलता है जो रास्तों के धर्मानुसार बताए अनुशासन से ज्यादा तवज्जो मानवीय अस्तित्व को देता है। जैसे कि भगवान रविदास के किस्से में भी होता है।

हमारी मान्यता ही असल में ईश्वर की प्राप्ति में सबसे बड़ी बाधक है। परमहंस हनुमानजी श्रीराम बाबाजी मान्यताओं के फेर में नहीं पड़ते थे। वे आंतरिक दृढ़ रूप से विश्वास को ही अपना अस्तित्व मानते थे। मान्यताओं के फेर में नहीं पड़ने का सबसे बड़ा प्रमाण काशी से वापस आकर नर्मदा किनारे देह त्यागकर जल में समाहित हो जाने की घटना है। वे अवधूत, शंकर अवतार में कैसे किसी एक मानक पर चलते। एक मानक पर चलना कोई दोषपूर्ण नहीं होता। किंतु हम उस मानक को एक साधन के रूप में देखें, तब तक ठीक, लेकिन हम उसमें ही बंधकर रह जाएं तो वही हमारी राह का रोड़ा बन जाता है। इसलिए मान्यता का मजबूत होना हमारे लिए जेल की सलाखों जैसा होता है।

सब तो संत हो नहीं सकते, इसलिए आदि शंकराचार्य ने सनातन का नवसृजन किया। संहिताओं, अनुशासनों की व्याख्याएं ऐसे की जिससे संतत्व भी उभरे और एक इंसान को मूलभूत सकारात्मक मनुष्य भी बनाए रखा जा सके। इसी कड़ी में वे चारों धामों का सृजन करके मुक्तिमार्ग का कच्चा रास्ता ही सही मगर प्रेरणा तैयार करते हैं। इस तरह से अलग रास्तों को भी ईश्वरीय रूप मिला रहे और एक सर्वसम्मत मार्ग भी बन पाए। इस्लाम इसमें चूक गया। उसने समूह को केंद्र में रखा, सनातन व्यक्ति को केंद्र में रखकर साधनाएं, रास्ते डिजाइन करता है। इस्लाम कट्टर हो गया, क्योंकि उसमें समूह को एक सर्वसम्मत रास्ते से ही चलना होगा को मजबूती और मजबूरी से पेश किया। इससे अल्लाह अविरल, अनंत, प्रेरक, सर्वोच्च तो रहा, मगर मार्ग विवादित होता गया। रही कसर बाद के मौलवियों ने कर डाली, जिन्होंने समूह निर्माण के लिए तरह-तरह के जेहाद डिजाइन कर डाले। इनमें न तो व्यक्ति का कल्याण निहित रहा न ही अल्लाह का इल्म। यह एक सामूहिक दहशत का जरिया बन बैठा।

परमहंस श्रीराम बाबाजी हनुमानजी की नाभि में निरंतर ईश्वरीय नाद गूंजता रहता था। मुंह से कीर्तन कभी हुआ तो हुआ नहीं हुआ तो न सही। कभी नहा लिया तो कभी दिनभर नहाया ही नहीं। कभी तीर्थों पर पूरी डलिया सजाकर ले जा रहे हैं और विध-विधान से पूजा करवा रहे हैं तो कभी मंदिर में प्रवेश तक नहीं करते। कई बार तो वे मंदिर की ओर देखते भी नहीं थे। किसी ने कहा प्याज नहीं खाते तो वे जरूर खाएंगे, किसी ने कहा प्याज खाते हैं तो वे नहीं खाएंगे। यानी किसी भी मान्यता को अपने ऊपर बेड़ियों की तरह नहीं कसने देते थे। एक ही ध्येय एक ही चिंतन, जो है वह ईश्वरीय तत्व है, जो नहीं है वह भी ईश्वरीय तत्व है। यानी अच्छा, बुरा, प्यारा, दुलारा, खराब, सुगंध, दुर्घंध सब उसको अर्पित। कोई अपना मत नहीं, कोई अपना अंतिम फैसला नहीं।

जब हम परमहंस श्रीराम बाबाजी की इस बात को बारीकी से समझते हैं तो अनुभव होता है मान्यताएं क्योंकर बेड़ियां नहीं बनने देना चाहिए। हम जो कर रहे हैं वही रास्ता है दूसरे जो कर रहे हैं वह रास्ता नहीं है सोचना अपने आपको रोकना है। ईश्वर जल, वायु, आकाश, धरती, अग्नि से भी परे है। जब हम जल को ही नहीं समझ सकते तो इससे परे को क्या समझेंगे। इसलिए परमहंस हनुमानजी श्रीराम बाबाजी सदैव मान्यताओं को उनके अनुसार सम्मान देते हुए उस लौ में सदा जागृत रहे जो सीधा ईश्वर से जोड़ती है।

shrirambabajee@gmail.com
shrirambabajee@gmail.com
Articles: 128