महर्षि वरुण के रूप में परमहंस श्रीराम बाबाजी खोजते रहे अपना पुत्र ऋषि भृगु

बरुण सखाजी श्रीवास्तव

भृगु और उनके पिता महर्षि वरुण के संवादों में हमें परमहंस श्रीराम बाबाजी महात्मा महर्षि वरुण और उनकी बातों को तत्ववत् लेने वाले भृगु नजर आते हैं। हमने उनके मुंह से कभी नहीं सुना कि वे किसी पाठशाला, गुरुशाला या विश्वविद्यालय में गए हों। 12 की उम्र से परिव्राजक के रूप में विचरण करते हुए जिन्हें हमने देखा वे परमहंस श्रीराम बाबाजी हैं और जिन्हें हममे से कुछ ने देखा वे हनुमाजी हैं और हम कुछ में से भी बहुत ही कुछेक ने देखा वे ब्रह्मतत्व हैं। और कुछेक में भी किसी एक ने देखा वे महिर्षी वरुण जैसे तैत्तिरीय उपनिषद के रचनाकार भृगु के निर्माता पिता हैं।

तथ्य गूढ़ है, जटिल है, कठिन है, सूक्ष्म है। लिखते-लिखते लेखक, पूजते-पूजते पुजारी, जपते-जपते जापक, करते-करते कर्ता भाव आना स्वाभाकि है। यह हमे मान दिलाते हैं, आकर्षण दिलाते हैं, अलग खड़ा करते हैं। लेकिन यहीं से हमारा पतन शुरू होता है। अध्यात्म अति सूक्ष्म है। आज जब यूट्यूब के माध्यम से तोतापुरी महाराज जी और परमहंस रामकृष्ण की आपसी चर्चा को सुना तो अहंकार की एक और परत उधड़ती दिखी। अहंकार कितने रूपों में आ विराजता है। हमे पता नहीं चलता।

मैं पूज रहा हूं, मैं सुमरन कर रहा हूं, मैं कीर्तन कर रहा हूं, मैं रो रहा हूं, मैं ध्यान कर रहा हूं, मैं जप रहा हूं, मैं भज रहा हूं, मैं दिया लगा रहा हूं, मैं लोगों को भोजन करवा रहा हूं, मैं बंदरों को खिला रहा हूं, मैं गरीबों को खिला रहा हूं, मैं सर्वस्व न्यौछावर कर रहा हूं, मैं दान कर रहा हूं, मैं स्थान बना रहा हूं, मैं मछलियों को चुना रहा हूं, मैं कुत्तों को खिला रहा रहूं, मैं कौओं को खिला रहा हूं, मैं व्यवस्था बना रहा हूं, मैं मजमा लगा रहा हूं, मैं सबका आदर कर रहा हूं, मैं निस्वार्थी हूं, मैं आकांक्षी नहीं हूं, मैं फलां, मैं ढिमकां। बस हम भक्त इससे ज्यादा और क्या कर पाए या समझ पाए।

भृगु को जब उनके पिता महर्षि वरुण अध्यात्म की जिज्ञासाओं को शांत करने का सहज मार्ग बताते हैं तो ऐसा लगता है जैसे परमहंस श्रीराम बाबाजी महिर्षी वरुण के रूप में प्रकट हैं। किंतु सामने कोई भृगु नहीं है। इसलिए इस दो लोगों के बीच के संवाद को एक ही माध्यम से समझने का प्रयास करते हैं।

महर्षि वरुण अपने बेटे और शिष्य भृगु का पांच परतों में ज्ञान उत्पन्न करते हैं। पहले हिस्से में अन्न, दूसरे में प्राण, तीसरे में ज्ञान, चौथे में विज्ञान और पांचवे में आनंद। इन्हीं पांच तत्वों से शरीर बना है। इन्हीं पांचों पर सृष्टि टिकी है। इन्हें हम अध्ययन से कानों में धारण कर सकते हैं, जुबान पर जमा सकते हैं, किंतु व्यवहार में तभी उतार पाएंगे जब भृगु-महर्षि वरुण संवाद क्रिया से होकर गुजरेंगे।

परमहंस श्रीराम बाबाजी इसी क्रिया को करवाते थे। जो गुजर गया और जहां तक गुजर गया उसे वहां तक ले गए। जैसे बहुतेरे शरीर की इच्छापूर्तियों को ब्रह्म मान बैठे। वे समझ बैठे परमहंस श्रीराम बाबाजी हनुमानजी की सेवा करने से घर में सुख शांति होती है। यह विचार वैसा ही है जैसे कोई सोने की ईंट को लोहार के यहां ले जाकर उससे कुल्हाड़ी बनवाए। फिर जंगल में पेड़ काटे। कुछ हम ऐसे हैं जिन्हें घर, परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और थोड़ा समय पूजा-पाठ-प्रपंच के लिए निकालना ही आशीर्वाद लगता है। मैं सेवा कर रहा हूं। इसमें सेवा तो सेवा है, तय है अहंकार गलाएगी, लेकिन आगे लगा मैं उस गले हुए अहंकार को फिर ठोस कर रहा है। जैसे गले हुए लोहे का नाश नहीं होता वैसे ही गले हुए अहंकार का भी नाश नहीं होता। परमहंस श्रीराम बाबाजी उस गले हुए लोहे की तासीर समझते थे। वे इसलिए ही किसी भक्त को किसी भी प्रकार की ऐसी मान्यता नहीं देते थे जिसके सहारे वह प्रपंच फैला पाए। इसलिए ही उन्होंने कोई आश्रम नहीं रखा। कोई स्थान अधकृत नहीं किया। कोई प्रमुख या कोई अप्रमुख नहीं बनाया।

परमहंस श्रीराम बाबाजी के कुछ भक्त अन्न, जल, सुख, शांत से आगे बढ़कर प्रसिद्धि, सिद्धि में उलझ गए तो कुछ भक्त और आगे निकले तो ईश्वर प्राप्ति के रास्तों की उलझन में उलझ गए। बहुत ही कम या बहुत ज्यादा ही कम कोई होंगे जो तत्व तक पहुंचे। इस पंचक्रिया की पंचक्की से गुजरकर ही परमहंस श्रीराम बाबाजी को कुछ समझा जा सकता है। वरना तो मुझ जैसे कइयों अहंकारी अपने-अपने हिस्से का अहंकार लेकर ब्रह्म को समझने, समझाने की उलझन में उलझे बैठे हैं।

भृगु को महर्षि वरुण ने उसी पंचक्रिया से गुजारा जिससे महाराजजी ने गुजारने की कोशिश की। लेकिन इधर भृगु कोई बन नहीं पाए। उस अनंत की यात्रा बहुत जटिल, घुमावदार और परख आधारित है। भाग्य-सौभाग्यों से परे, सेवा, परसेवा से ऊपर, प्रीत-रीति से सर्वोच्च, तेरा-मेरा, मैं, तू से निर्भेद। परमहंस श्रीराम बाबाजी इस निर्भेद तक ले जाना चाहते हैं।

सार यही है..

संसार भ्रम, अहंकार और अज्ञान से भरा है। हम इन्हीं के चक्कर लगाकर खुद को मुक्त समझने लगते हैं। स्वमेव ही सिद्ध होने लगते हैं। कथित कल्याण में लग जाते हैं, जबकि वह इससे कहीं बहुत ऊंची चीज देने का नाम है। परमहंस श्रीराम बाबाजी स्वप्न, सुसुप्त, अनुभव, निर्देश, आदेश, अच्छा, बुरा, झंडा, डंडा, असली, नकली, सही, गलत सबसे परे हैं। वे साक्षात शिव हैं। शिव जिसमें सब समाया है। सब मतलब सब वह भी जो बुरा है वह भी जो अच्छा है। सिर्फ हम अपनी सोच से ब्रह्म का निर्माण नहीं कर सकते। जब हम भृगु की तरह परखे जा रहे थे तो पता नहीं था अब जब भौतिक रूप से परखने महाराजजी नहीं हैं तो लगता है परखे जाएं, वरना तो हमारी बुद्धि अहंकारों में ही उलझी रहेगी। हमे क्षमा करना हे महर्षि वरुण परमहंस श्रीराम बाबाजी।
shrirambabajee@gmail.com
shrirambabajee@gmail.com
Articles: 128