
बरुण सखाजी श्रीवास्तव
परमहंस श्रीराम बाबाजी हनुमानजी का अपना रास्ता है। उस रास्ते पर चलकर वही ईश्वरत्व को प्राप्त हो सकते हैं जो उनकी ही तरह निश्छल और निर्भय होकर चलें। वे किसी मान्यता को कभी ढहाते नहीं थे, किंतु किसी मान्यता को कभी पोषित भी नहीं करते थे। वे सहज रहते थे। अस्तित्व की बनाई संरचनाओं को लेकर उनका कोई आग्रह नहीं था। किसी को ढहाकर नई बनाना भी अस्तित्व को बिखराना है। अस्तित्व को बिखराने का मतलब है ईश्वर तत्व को एक पिंजड़े में बांधना। जो अच्छा है वह ईश्वर है जो खराब है वह अनीश्वर, ऐसी व्याख्याएं कर लेना जिनमें ईश्वर संकुचित होता है। यह महाराज जी को कभी रुचिकर नहीं लगा। वे अनंत को अनंत मानते थे।
एक बार की बात है परमहंस श्रीराम बाबाजी गुरुवर बिलासपुर की यात्रा पर थे। संयोग से एक भक्त के निवास पर जाना हुआ। वहां भक्त ने अपने भावों में उठी जिज्ञासाओं को शांत करने के लक्ष्य से कुछ प्रश्न किए। भक्त बोले, महाराजजी हम तो आपकी शरणागति ही होना चाहते हैं। महाराज जी ने जवाब दिया, कौन ने रोको है, हो जाओ, हमे नै शरणागति चइए नै मरणागति। यह बोलते ही वे अपने मुंह पर हाथ रखकर खिलखिलाकर हंस उठे। जैसी मुद्रा अक्सर वे बनाते थे। फिर उठाया अपना दंड और बोले, हां तो फिर क्या हो रहा है। लगाओ गाड़ी। भक्त बोले, भगवान शरणागति ही चाहिए, मरणागति का पता नहीं क्या होगा। महाराजजी बोले, भरोसे की बात है। भरोसो होए तो एकई हैं सब, काय की शरणागति और काय की मरणागति। फिर हंसे जमकर। शरणागति भी बई है और मरणागति भी बई। इससे ज्यादा गुरुवर ने इसे क्लियर नहीं किया। वे ज्यादा व्याख्याओं में पड़ते भी नहीं थे।
मुझ जैसे अल्पमति इतना ही समझ पाए कि महाराजजी कह रहे हैं जब शरणागति हो गए तो क्या मरणागति और क्या स्वर्णागति। यानी शरणागति लक्ष्यहीन होनी चाहिए। इसमें अगर अपेक्षा, प्राप्ति, अप्राप्ति, समीक्षा जुड़ी है तो यह शरणागति नहीं सौदागति है। यानी हमने अपने इष्ट से कोई व्यापार किया। ऐसा हो तो वैसा हो और वैसा हो तो ऐसा हो। जब ऐसा हो नहीं पाता तो वैसा होता नहीं। इसलिए हम उलझकर रह जाते हैं। हनुमानजी श्रीराम बाबाजी अक्सर इस बात को अपनी क्रियाओं में समझाते थे। धनपति, बुद्धिमति, विचारवान, भक्त सब मिले मनो गुरु को लाल नहीं मिलो। कुई बनके तो दिखाए गुरु को लाल, फिर देखो। यह वाक्य उस समय समझ नहीं आता था, अब समझ थोड़ा ज्यादा आया है तो समय निकल गया। इस वाक्य का अर्थ इसी बात में छिपा है। शरणागति का भाव अपेक्षा से है तो वह अपूर्ण है। शरणागति का मतलब है अब जो हो वही मेरा है और जो नहीं होगा वह मेरा नहीं है, मन के एक करोड़वें हिस्से में भी कोई मलाल न हो। गुरु का लाल वही हो सकता है जो अच्छा-बुरा, प्यारा-घृणित से दूर हो जाए। परे हो जाए। एक हो जाए। सबको एक समझे और सबको एक माने। समीक्षाओं में न उलझे। उसका अच्छा, उसका खराब, ये खराब वो अच्छा से पूर्ण परे हो जाए, वही गुरु का लाल।
परमहंस श्रीराम बाबाजी को कभी किसी बात का कोई अफसोस नहीं रहता था। न कोई मलाल, न कोई पछतावा, न कभी किसी घटना की विवेचना और ऐसा होता तो वैसा हो जाता तो कभी बोलते ही नहीं थे। इस हिसाब से देखें तो वे शरणागत स्वयं थे। वे सदेह हनुमान तत्व के जागृत स्वरूप थे। परमहंस श्रीराम बाबाजी जब हमारे बीच देह में नहीं हैं तो वे अनुभूत तत्व में प्रकट हैं। अनुभूत तत्व को विस्तार से अगले किसी आलेख में डिस्कस करेंगे।



