घड़ी-घड़ी सब घड़ी देखते, घड़ी न जाने कोय, उस घड़ी को देखिए, कौन घड़ी क्या होय

बरुण सखाजी श्रीवास्तव

जीवन क्षणिक है। देह सांसों के अधीन है। ब्रह्म कालातीत है। अनंत है। परहित पूंजी है। लोक कल्याण संपत्ति है। सन्मार्ग ज्ञान है। विश्वास भक्ति है। परमहंस श्रीराम बाबाजी के वांग्मय, चिंतन और जीवन सार को समझने के लिए यह समझना बहुत जरूरी है। वे अपनी देह की सुरक्षा, संरक्षा, पोषण के लिए चिंतित नहीं रहे। न कभी मुरव्वत की। यात्राएं इतनी की जितनी कोई इस उम्र में कर नहीं सकता। निरंतर। जरा होती देह में स्वभाविक आती बाधाएं उनके रास्तों को रोक न सकीं। निरंतर ब्रह्ममय और ब्रह्म की सृष्टि पर अटल विश्वास। ब्रह्म के विधान पर अपना कोई अभिमत नहीं, सिवाय अटूट भरोसे के। जो होता है वह होता है और होकर ही रहता है। तब भी वही होता है जब हम नहीं चाहते और तब भी जब हम चाहते हैं। यानी हमारे चाहने से कुछ बदला नहीं, न कोई फर्क पड़ा। इसलिए मन को अपेक्षाओं, आशाओं, अनुकूलताओं के बोझ से मत बोझिल करो।

परमहंस श्रीराम बाबाजी हनुमानजी कहा करते थे, वही करवा रहा है हम तो वही कर रहे हैं। न ताला, न चाबी, न पेटी, न तिजोरी, जो है वह राम-जोरी है। राम नाम की जोरी। उसे ही जोड़ा है। जोरी मतलब जोड़ना। वह भी क्या पता जोड़ा है या नहीं। इस तरह से तत्क्षण अहंकार को भी भगा देते। उनके संपूर्ण को देखने, समझने, जानने के लिए बहुत तटस्थ, स्वयं के भीतर जाना होता है। हम हर चीज अपने हिसाब से सुनते, समझते, देखते हैं, किंतु यह हमारा हिसाब है। इसलिए यह कई बार गड़बड़ हो सकता है, किंतु परमहंस हनुमानजी श्रीराम बाबाजी परमात्म हिसाब से चीजों को देखते थे।

हर चीज को छन्ने से छानने की उनकी अपनी क्रिया रही। ऐसी क्रिया जिसे कोई समझा कोई नहीं समझा कोई समझकर आग्रही बना तो कोई समझकर मुक्त हुआ। रास्ते में चर्चा हो रही थी। फलां ने फलां ठीक काम किया। कछु तो हुए कहते हुए महाराजजी हंसे, फिर बोले हमे का करने और हम कौन हैं हिसाब बारे। बा को बो जाने हमरो हम। हम तो कर रै हैं और का पता कर भी रै हैं का नई। इसे मानक हिंदी में बदलें तो इसका अर्थ होता है किसी दूसरे के काम का हिसाब लेने वाले हम कोई नहीं हैं। हम अपना करने वाले जरूर हैं, लेकिन ऐसा समझना कि हम कर रहे हैं यह भी ठीक नहीं। इसलिए वे ठीक से कहते हैं, का पता कर भी रै हैं का नहीं। यानी इसे भी परमात्म चरणों में देते हुए कहते हैं, क्या पता करने का अहंकार ही है या कर भी रहे हैं सच में।

जो ऐसा सोच सकता है वह भक्त हो सकता है, लेकिन जो ऐसा सोच सकता है और कर भी सकता है वह हनुमान हो जाता है। हनुमान किसी देह, कालखंड, कथा, भूमिका आदि के दायरे में सीमित नहीं होते। हनुमान प्रकट होते हैं। जैसे काठ में अग्नि पहले से निहित होती है, घर्षण उसे प्रकट करता है। परमहंस श्रीराम बाबाजी ऐसे ही हनुमानजी रहे हैं। सदेह हनुमानजी। चैतन्य हनुमानजी। करते जाओ। सिर्फ करते जाओ। पहहित के भाव से। भीतर के चाव से जीओ। ज्यादातर भीतर रहो, बाहर की बंद रखो। अपने आप सही होगा। उस पल का ख्याल रहे जिस पल आपको जाना है। जाने का अर्थ नकारात्मक नहीं, बल्कि सहर्ष चले जाना है। इसी बात को वे कहते थे….

घड़ी-घड़ी सब घड़ी देखते, घड़ी न जाने कोई, उस घड़ी को देखिए, कौन घड़ी क्या होए…

इस वीडियो में परमहंस श्रीराम बाबाजी यही कहते दिख रहे हैं। आप भी सुनिए और समझिए कहने के मर्म को। इस मर्म को मेरे लिखे इस आर्टिकल से समझने का सिर्फ प्रयास मत कीजिए, बल्कि अपने निर्मल मन को उनके चरणों में लगाकर ध्यान कीजिए, वे स्वतः ही आपको प्रेरित करेंगे। हो सकता है आपके निर्मल मन में कोई और भी विराट बिंब उभरे जो मैं नहीं देख सकता।

यह वीडियो हमे श्रीराम बाबाजी भक्त मंडल के वॉट्सएप ग्रुप से उपलब्ध करवाया गया है। उपलब्ध करवाने वाले परमभक्त अनिल रघुवंशी, ग्राम उड़दमऊ, तहसील उदयपुरा, जिला रायसेन मध्यप्रदेश के निवासी हैं। वे परमहंस श्रीराम बाबाजी की अनेक यात्राओं और चरित्रों के साक्षी रहे हैं।

shrirambabajee@gmail.com
shrirambabajee@gmail.com
Articles: 128